जौलजीबी मेले में माइक बंद होने पर बवाल, विधायक हरीश धामी ने दी सीएम को चुनौती

पिथौरागढ़: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पिथौरागढ़ में जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद धारचूला विधायक हरीश धामी ने मंच पर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि विधायक को मंच से संबोधन का मौका नहीं दिया गया और जब उन्होंने माइक संभाला तो उसे बंद कर दिया गया। इससे नाराज विधायक साउंड सिस्टम के पास पहुंचे और वहां कथित तौर पर धक्का-मुक्की व तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम पर विधायक हरीश धामी ने कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर जारी वीडियो के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि धारचूला और मुनस्यारी के लोगों की परंपरा रही है कि वे अतिथि को भगवान के रूप में सम्मान देते हैं। संगठन की ओर से मुख्यमंत्री का विरोध करने की बात कही गई थी, लेकिन उन्होंने मेले की परंपरा को देखते हुए विरोध नहीं करने का निर्णय लिया था।
विधायक ने कहा कि वह मुख्यमंत्री के सामने अपने क्षेत्र की समस्याएं रखना चाहते थे। उनके अनुसार, पहले केंद्रीय राज्य मंत्री ने संबोधन दिया और इसके बाद मुख्यमंत्री ने भाषण दिया। मुख्यमंत्री के जाने के दौरान जब उन्होंने माइक लेकर बोलना शुरू किया तो सरकार और मुख्यमंत्री के दबाव में माइक बंद कर दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्षेत्र का विधायक होने के नाते क्या उन्हें अपनी बात रखने का अधिकार नहीं है?
हरीश धामी ने स्वीकार किया कि क्षेत्र की उपेक्षा से नाराजगी में उनसे कुछ गलतियां हुई होंगी, जिसके लिए उन्होंने जनता से माफी मांगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह न डरना जानते हैं और न झुकना। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें दम है तो 2027 का विधानसभा चुनाव धारचूला से लड़कर दिखाएं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पार्टी अनुमति देती है तो वह मुख्यमंत्री के खिलाफ उनके चुनाव क्षेत्र से चुनाव लड़ने को तैयार हैं।
घटना के दौरान विधायक के समर्थकों ने भी हंगामा किया। माइक बंद किए जाने के बाद विधायक के साउंड सिस्टम संचालकों के पास पहुंचने और उनके साथ धक्का-मुक्की किए जाने की बात सामने आई है।




