उत्तराखण्ड

हरिद्वार में महिला श्रद्धालुओं से अभद्रता, वायरल वीडियो के बाद आरोपी दबोचा गया, हुआ गिरफ्तार

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार की हरकी पैड़ी क्षेत्र में महिला श्रद्धालुओं से कथित छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के झांसी से गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए आई महिलाओं ने एक युवक पर अभद्र व्यवहार करने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

 

पीड़ित महिलाओं के अनुसार वे अपनी बहनों के साथ हरकी पैड़ी क्षेत्र में गंगा स्नान के बाद मंदिर में पूजा कर रही थीं। इसी दौरान खुद को रवि चौहान बताने वाला एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा और कथित रूप से अभद्र टिप्पणियां करने लगा। महिलाओं का आरोप है कि आरोपी ने उनसे अनुचित बातें कहीं और लगातार परेशान करता रहा।

 

महिलाओं ने बताया कि आरोपी की हरकतों का विरोध करने पर वे उसे पुलिस चौकी ले जाने लगीं। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उनके साथ मारपीट की। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी महिलाओं के साथ हाथापाई करता दिखाई दे रहा है।

 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

 

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिलाओं और आरोपी के बीच कहासुनी के बाद मारपीट की स्थिति बनती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

 

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

 

नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि झांसी निवासी महिला की शिकायत पर मामले को गंभीरता से लिया गया। शिकायत में बताया गया कि आरोपी कई दिनों से महिलाओं को परेशान कर रहा था। विरोध करने पर उसने महिलाओं के साथ मारपीट की।

 

पुलिस ने तत्काल आरोपी रवि चौहान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

 

महिला सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

 

हरकी पैड़ी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल पर महिला श्रद्धालुओं के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button