उत्तराखण्ड

पटेलनगर में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक के कंधे में लगी गोली; मचा हड़कंप

देहरादून। पटेलनगर इंडस्ट्री एरिया में एक निजी संस्थान के बाहर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। हथियारों से लैस युवकों ने संस्थान के बाहर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना में साहिल नाम के युवक के कंधे पर गोली लगने की सूचना है। घायल को महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, पटेलनगर में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मामला बढ़ गया। बाइक सवार कुछ युवक कार सवारों का पीछा करते हुए सेंट ज्यूड्स चौक तक पहुंचे। आरोप है कि वहां गुरमीत नाम के युवक ने दोबारा फायरिंग की, जिसमें साहिल के कंधे पर गोली लगी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक कार सुबह से ही सड़क किनारे खड़ी थी। दोपहर के समय डंडे और रॉड लेकर कुछ युवक बाइक से वहां पहुंचे। बाइक सवारों को नजदीक आते देख कार में सवार लाल रंग की कमीज पहने युवक ने जमीन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस दौरान बाइक सवारों ने कार का पिछला शीशा भी तोड़ दिया।

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। साथ ही दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button