उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम, कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट; CM धामी ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को देहरादून और बागेश्वर जिले के लिए बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इन दोनों जिलों में कहीं-कहीं तीव्र से अति तीव्र वर्षा होने की संभावना जताई है। खराब मौसम को देखते हुए दोनों जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

 

मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून और बागेश्वर के अलावा टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों को भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और आकाशीय बिजली की घटनाओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।

 

10 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर

 

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 10 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और नदी-नालों के उफान पर आने की आशंका को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।

 

देहरादून और बागेश्वर में स्कूल बंद

 

भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने देहरादून और बागेश्वर में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से आदेश का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

 

CM धामी ने की विशेष अपील

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में संभावित भारी वर्षा को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन, SDRF, NDRF और सभी जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जाएं।

 

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, पर्यटकों और चारधाम यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें। यदि यात्रा अत्यंत आवश्यक हो तो पूरी सावधानी बरतें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

 

राज्य सरकार ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button