तुंगनाथ यात्रा के दौरान हादसा, गणेश मंदिर के पास खाई में गिरी महिला; शव बरामद

रुद्रप्रयाग: तुंगनाथ यात्रा पर आई एक महिला यात्री रविवार शाम ट्रेक रूट पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही डीडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्रों की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सोमवार सुबह महिला का शव खाई से बरामद कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार 20 सितंबर की शाम करीब 6:21 बजे तुंगनाथ ट्रेक रूट पर गणेश मंदिर के समीप महिला यात्री अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। घटना की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग को मिली, जिसके बाद डीडीआरएफ और आपदा मित्र तुंगनाथ की टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
रेस्क्यू टीम के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद महिला की तलाश शुरू की गई। बताया गया कि खाई काफी गहरी होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण था। महिला के खाई में गिरने के बाद काफी देर तक उसकी आवाजें सुनाई देने की बात भी सामने आई। टीम ने रात में ही उसे सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए।
घटना की जानकारी एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि और तहसीलदार ऊखीमठ को भी दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर डीडीआरएफ ऊखीमठ की टीम को भी मौके के लिए रवाना किया गया। टीमों ने रात में तलाश और रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा अधिक होने और खाई की गहराई को देखते हुए अभियान को आगे जारी रखना जोखिमपूर्ण हो गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे डीडीआरएफ के कुलदीप सिंह ने अभियान को फिलहाल स्थगित किए जाने की जानकारी दी। सोमवार सुबह मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए दोबारा सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान महिला का शव खाई से बरामद कर लिया गया।
महिला की पहचान और हादसे से संबंधित अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।




