टिहरी वाहन हादसे की जांच को लीड एजेंसी टीम पहुंची, मार्ग पर दिए अहम सुझाव

टिहरी | टिहरी में हुए भीषण वाहन हादसे की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशों के अनुपालन में राज्य में गठित लीड एजेंसी की टीम सोमवार को टिहरी पहुंची। टीम ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मार्ग से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए और दुर्घटनाग्रस्त वाहन की भी जांच की। जांच के आधार पर हादसे के कारणों का विश्लेषण कर रिपोर्ट उच्च स्तर पर भेजी जाएगी।
गौरतलब है कि इस दुर्घटना में आठ लोगों की मृत्यु हुई थी, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच कराई जा रही है।
निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि दुर्घटनास्थल पर सड़क की चौड़ाई पर्याप्त है और मार्ग पर पैराफिट भी लगे हुए हैं। हालांकि मोड़ के बाद लगातार ढाल होने की स्थिति सामने आई है। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि लगातार ढाल के कारण चालक वाहन की गति पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे दुर्घटना हुई।
उप परिवहन आयुक्त शैलेश तिवारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान परिवहन विभाग, पुलिस, लोक निर्माण विभाग के स्थानीय अधिकारियों के साथ-साथ जेपीआरआई के विशेषज्ञ भी मौजूद रहे। टीम ने निर्देश दिए कि संबंधित स्थल पर गति सीमा और दुर्घटना संभावित क्षेत्र के चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।




