उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का खतरा, कई जिलों में स्कूल बंद और प्रशासन हुआ सतर्क

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार सक्रिय मानसून को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 29 और 30 जुलाई के लिए कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद शासन, जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। खराब मौसम और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बागेश्वर, टिहरी और चंपावत जिलों में बुधवार, 29 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

 

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

 

मौसम विभाग के अनुसार 29 जुलाई को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश के दौर पड़ने की भी आशंका जताई गई है।

 

वहीं, 30 जुलाई को बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी, टिहरी और नैनीताल में भी भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है।

 

प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट पर

 

उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) ने सभी जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने और त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

 

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

 

प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर हैं और भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। कई सड़कें बाधित होने से यात्रियों को घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने, अनावश्यक आवाजाही से बचने और नदी-नालों के आसपास न जाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button