उत्तराखण्डशिक्षा

टैक्सी चालक की बेटी गीतिका पंत बनीं उत्तराखंड बोर्ड इंटर की संयुक्त टॉपर, 98% अंकों से किया कमाल

बागेश्वर। सीमित संसाधनों के बीच पली-बढ़ी सैज, तहसील रोड निवासी गीतिका पंत ने उत्तराखंड इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे जिले में खुशी की लहर है।

गीतिका सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, चौरासी की छात्रा हैं। परिणाम घोषित होते ही स्कूल परिसर में जश्न का माहौल बन गया और शिक्षकों ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी।

संघर्ष से सफलता तक का सफर

गीतिका के पिता चंद्रशेखर पंत एक टैक्सी चालक हैं, जबकि माता रितिका पंत गृहिणी हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद परिवार ने उनकी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। गीतिका शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। इससे पहले उन्होंने हाईस्कूल परीक्षा में 97.6 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉपर का खिताब भी अपने नाम किया था।

माता-पिता और शिक्षकों को दिया श्रेय

अपनी सफलता का श्रेय गीतिका ने अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उनका कहना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।

इंजीनियर बनना है सपना

गीतिका का सपना इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना है। उनकी उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, मजबूत इरादों और निरंतर मेहनत से सफलता जरूर मिलती है।

आज गीतिका पंत हजारों छात्रों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं और उनकी सफलता ने बेटियों के हौसले को नई उड़ान दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button