लैंसडाउन में गुलदार का हमला: घास काटने गई महिला की मौत, गांव में दहशत

लैंसडाउन: पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के नैनीडांडा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा बणासी तल्ली में शनिवार सुबह गुलदार के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह गांव की दो महिलाएं शांति देवी और सुशीला देवी जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक सुशीला देवी पर हमला कर दिया। हमला इतना अचानक था कि महिला संभल भी नहीं सकी और गुलदार उसे घसीटकर जंगल की ओर ले गया।
महिला के साथ मौजूद शांति देवी ने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर सुशीला देवी का शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और गुलदार की तलाश शुरू कर दी। मामले की जानकारी क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप रावत को भी दी गई है।
वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
वन प्रभाग पौड़ी की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही वन विभाग की टीम लगातार गश्त करेगी और आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित शूटर भी तैनात कर दिया गया है।
ग्रामीणों में भय, सुरक्षा की मांग
घटना के बाद बणासी तल्ली और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे जंगल और खेतों में जाना जोखिम भरा हो गया है। लोगों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने, नियमित गश्त बढ़ाने और प्रभावी सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल अकेले जंगल या सुनसान क्षेत्रों में न जाएं और कहीं भी गुलदार दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें।




