Crime Newsउत्तराखण्डक्राइम

मई में छाया मौसम का कहर, उत्तराखंड में बारिश-ओलावृष्टि से तबाही, चारधाम यात्रा पर ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड मौसम अपडेट: मई महीने में आमतौर पर गर्मी का मौसम रहने वाले उत्तराखंड में इस बार मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने भारी नुकसान पहुंचाया।

देहरादून जिले के त्यूणी गांव में तेज आंधी के कारण कई घरों की छतें उड़ गईं। वहीं अन्य जिलों में भी बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित हुआ।

दो दिन का ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

4 मई को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत में खराब मौसम की चेतावनी दी गई है।

5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में सतर्क रहने को कहा गया है।

दोनों दिन भारी बारिश, तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।

चारधाम यात्रा पर असर, हेली सेवाएं बंद रखने के निर्देश

चारधाम यात्रा को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने विशेष अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम के दौरान हेली सेवाओं का संचालन न करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने रविवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ आपात बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़कों पर मलबा आने की स्थिति में प्राथमिकता से हटाने की व्यवस्था की जाए, ताकि यातायात बाधित न हो।

24 घंटे अलर्ट पर आपात केंद्र

राज्य और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

गंगा के जलस्तर पर नजर

पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के बाद टिहरी बांध से पानी छोड़े जाने की संभावना के मद्देनजर ऋषिकेश में एसडीआरएफ को अलर्ट कर दिया गया है। गंगा घाटों और तटों पर तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की जा रही है।

प्रशासन ने नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करें और खराब मौसम में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button