उत्तराखंड में बिगड़ा मौसम, बदरीनाथ में दो फीट बर्फ; कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तराखंड मौसम । उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में लगातार बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में तेज बारिश व आंधी-तूफान का दौर जारी है। खासतौर पर बदरीनाथ धाम में दो फीट तक बर्फ जमने की सूचना है, जिससे ठंड में एक बार फिर इजाफा हो गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार को भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
जारी पूर्वानुमान के मुताबिक देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में तेज बारिश, बर्फबारी और तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अन्य जिलों में भी खराब मौसम को देखते हुए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मैदानी इलाकों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान के आसार हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 25 मार्च तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। ऐसे में खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।




