रुद्रप्रयाग पुलिस की तत्परता से मिली बड़ी राहत, बेटी की शादी के जेवरात से भरा बैग सुरक्षित बरामद

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड पुलिस की मुस्तैदी और जनसेवा का एक सराहनीय उदाहरण रुद्रप्रयाग में देखने को मिला, जहां पुलिस ने बेटी की शादी के लिए रखे गए जेवरात, कपड़े और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा खोया हुआ बैग सुरक्षित बरामद कर उसके मालिक को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार चमोली जिले के गौणा गांव निवासी दलीप सिंह ने 6 जून को डायल-112 के माध्यम से सूचना दी कि नगरासू के पास भोजन के लिए बस से उतरते समय उनका बैग वाहन में ही छूट गया। बैग में उनकी बेटी की शादी के लिए रखे गए कीमती आभूषण, कपड़े और जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि उन्हें बस का नंबर भी याद नहीं था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस कंट्रोल रूम की टीम ने नगरासू क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और शिकायतकर्ता की मौजूदगी में संबंधित बस की पहचान की। इसके बाद जीएमओयू प्रबंधन से संपर्क कर ई-चालान प्रणाली के माध्यम से वाहन स्वामी और चालक की जानकारी जुटाई गई।
पुलिस द्वारा संपर्क किए जाने पर बस चालक ने भी सहयोग दिखाया। चालक ने बताया कि वह यात्रियों को ऋषिकेश छोड़ने जा रहा है और वापसी में बैग सुरक्षित पुलिस को सौंप देगा। अपने वादे के अनुसार चालक ने बैग को सुरक्षित रखते हुए कोतवाली रुद्रप्रयाग पहुंचाकर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने बैग में मौजूद सामान का सत्यापन करने के बाद उसे सकुशल दलीप सिंह को सौंप दिया। बेटी की शादी के लिए रखे गए जेवरात और अन्य जरूरी सामान सुरक्षित मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली।
दलीप सिंह ने उत्तराखंड पुलिस की त्वरित कार्यशैली, तकनीकी दक्षता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि उत्तराखंड पुलिस जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही है।




