उत्तराखण्ड

अवैध लीसा तस्करी पर शिकंजा, 480 टिन के साथ कैंटर जब्त, चालक फरार

रामनगर: तराई पश्चिमी वन प्रभाग की बन्नाखेड़ा रेंज की टीम ने अवैध लीसा परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 480 टिन लीसा से भरे एक कैंटर को पकड़ लिया। वाहन बिना वैध प्रपत्रों के लीसा लेकर जा रहा था। कार्रवाई के दौरान चालक जंगल की ओर फरार हो गया, जबकि परिचालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वन विभाग ने वाहन और बरामद लीसा को कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

वन विभाग के अनुसार बन्नाखेड़ा वन क्षेत्राधिकारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कैंटर संख्या UK19CA0856 रानीखेत-भिकियासैंण से बेतालघाट होते हुए रामनगर की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर उप वन क्षेत्राधिकारी दीवान सिंह रौतेला के नेतृत्व में टीम गठित कर बन्नाखेड़ा, बैलपड़ाव, नया गांव और बरैनी क्षेत्र में नाकाबंदी की गई।

 

करीब सुबह 10:30 बजे नया गांव में वाहन जांच के दौरान संदिग्ध कैंटर दिखाई दिया। वन कर्मियों ने वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन को तेज रफ्तार से बरैनी की ओर मोड़कर भागने लगा। इसके बाद बन्नाखेड़ा और बरैनी रेंज की संयुक्त टीम ने वाहन का पीछा किया।

 

कुछ दूरी पर चालक ने नया गांव-बरैनी मोटर मार्ग पर जंगल के किनारे वाहन छोड़ दिया। इसके बाद चालक और परिचालक दोनों जंगल की ओर भागने लगे। चालक फरार होने में सफल रहा, जबकि वन विभाग की टीम ने परिचालक को मौके पर ही पकड़ लिया।

 

वाहन की तलाशी लेने पर ऊपर फूड कैट लदा मिला। उसे हटाकर जांच की गई तो काली पन्नी से ढके 480 टिन लीसा बरामद हुए। परिचालक से लीसा परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध प्रपत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।

 

वन विभाग ने कैंटर सहित 480 टिन लीसा को विभागीय अभिरक्षा में ले लिया है। वाहन को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए बन्नाखेड़ा रेंज कार्यालय ले जाया गया है, जबकि फरार चालक की तलाश जारी है।

 

डीएफओ तराई पश्चिमी प्रकाश आर्या ने कहा कि वन विभाग अवैध लीसा परिवहन के खिलाफ लगातार सघन अभियान चला रहा है। बिना वैध प्रपत्रों के लीसा परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में आगे भी लगातार निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button