प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही युवती ने की आत्महत्या, कमरे से मिला सुसाइड नोट

देहरादून: राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र स्थित सेवला कला चंद्रबनी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही एक 24 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रिया मल्ल (24), पुत्री राजेश मल्ल, निवासी टी.वी. राणा चौक, सेवला कला चंद्रबनी, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं। रविवार रात वह रोजाना की तरह अपने कमरे में पढ़ाई करने गई थीं। सोमवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को चिंता हुई।
परिजनों ने कई बार आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद जब दरवाजा खोला गया तो रिया कमरे में फंदे से लटकी हुई मिलीं। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पटेलनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। परिजनों के अनुरोध पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।
प्रारंभिक जांच के दौरान कमरे से एक संक्षिप्त सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें युवती ने केवल “लव यू मम्मी-पापा” लिखा था। इस नोट के मिलने के बाद परिवार और अधिक सदमे में आ गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आत्महत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वजहों का पता चल सकेगा।
इस घटना ने युवाओं में बढ़ते मानसिक दबाव और भावनात्मक चुनौतियों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। मृतका के असमय निधन से परिवार और परिचित गहरे सदमे में हैं।




