नैनीताल पुलिस का बड़ा खुलासा, 7 चोरी की वारदातों के दो शातिर चोर गिरफ्तार

हल्द्वानी: नैनीताल पुलिस ने लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की सात वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 28 हजार 200 रुपये की नकदी, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों आरोपियों पर पहले से कुल 45 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम की 7 चोरियों का खुलासा
एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने लालकुआं, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं की जांच की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हिस्ट्रीशीटर प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा और उसके साथी राजू बहादुर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने कबूली सात चोरी की वारदातें
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लालकुआं में चार, मुखानी में दो और काठगोदाम में एक चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से 2.28 लाख रुपये नकद, चोरी की मोटरसाइकिल और चोरी के पैसों से खरीदा गया करीब 16 हजार रुपये का मोबाइल फोन बरामद किया है।
नशे और मौज-मस्ती में उड़ाते थे चोरी का पैसा
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या उर्फ पिद्दा रात के समय बंद दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसता था और गल्लों से नकदी चोरी करता था, जबकि उसका साथी राजू बहादुर बाहर निगरानी करता था। चोरी से मिले पैसों को दोनों नशे और अन्य खर्चों में उड़ा देते थे।
दोनों आरोपियों पर 45 मुकदमे दर्ज
मुख्य आरोपी प्रमोद कुमार आर्या के खिलाफ चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 32 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी राजू बहादुर के खिलाफ भी 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कोर्ट में पेश कर भेजा गया जेल
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि काठगोदाम, मुखानी और लालकुआं क्षेत्र में हुई सात चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा कर दोनों शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामदगी के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।




