उत्तराखण्ड

IMA की ऐतिहासिक पासिंग आउट परेड में पहली बार 9 महिला कैडेट बनीं सैन्य अधिकारी, राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया गर्व

देहरादून। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) देहरादून के इतिहास में शनिवार का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। अकादमी के कड़े प्रशिक्षण को पूरा कर पहली बार नौ महिला कैडेट युवा सैन्य अधिकारियों के रूप में भारतीय सेना का हिस्सा बन गईं। इस ऐतिहासिक पासिंग आउट परेड में राष्ट्रपति और तीनों सेनाओं की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

 

परेड को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि यह केवल सशस्त्र सेनाओं के इतिहास में मील का पत्थर नहीं है, बल्कि भारत के महिला-नेतृत्व वाले विकास की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण भी है।

 

उन्होंने युवा अधिकारियों से कहा कि नेतृत्व केवल कमान संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चरित्र, करुणा और पूर्ण प्रतिबद्धता का प्रतीक है। देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा की जिम्मेदारी अब उनके कंधों पर है और 140 करोड़ देशवासियों की उम्मीदें उनसे जुड़ी हुई हैं।

 

बदलती चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश

 

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि वैश्विक परिदृश्य और युद्ध के तौर-तरीके तेजी से बदल रहे हैं। ऐसे में भारतीय सेना को नई तकनीकों और उभरती सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने के लिए हमेशा तैयार रहना होगा।

 

उन्होंने युवा अधिकारियों से आजीवन सीखते रहने, नवाचार को अपनाने और नैतिक मूल्यों पर आधारित नेतृत्व क्षमता विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक अच्छे अधिकारी की जिम्मेदारी केवल सैनिकों का नेतृत्व करना नहीं, बल्कि एक अभिभावक की तरह उनकी देखभाल और मार्गदर्शन करना भी है।

 

कैडेट्स, परिवारों और प्रशिक्षकों को दी बधाई

 

राष्ट्रपति ने देश के सबसे कठिन प्रशिक्षणों में से एक को सफलतापूर्वक पूरा करने पर सभी ऑफिसर कैडेट्स को बधाई दी। उन्होंने कैडेट्स के परिवारों के त्याग और आईएमए के कमांडेंट एवं प्रशिक्षकों की मेहनत की भी सराहना की। साथ ही मित्र देशों से आए कैडेटों को भी शुभकामनाएं दीं।

 

वीरता और विवेक’ को जीवन में अपनाने की सलाह

 

अपने संबोधन के अंत में राष्ट्रपति मुर्मू ने नव नियुक्त अधिकारियों को आईएमए के आदर्श वाक्य ‘वीरता और विवेक’ को अपने जीवन और आचरण में अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफलता मिलने पर विनम्र रहें और कठिन परिस्थितियों में भी अपने इरादों को मजबूत बनाए रखें। यही मार्ग भारतीय सेना और देश की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button