सतपुली-पौड़ी मार्ग पर कार पर बरसा मलबा, एसडीआरएफ ने परिवार को सुरक्षित निकाला

पौड़ी: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच पौड़ी जिले में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सतपुली-पौड़ी मोटर मार्ग पर अचानक पहाड़ी से मलबा और पत्थर एक कार पर आ गिरे। हादसे के समय कार में एक ही परिवार के छह लोग सवार थे। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
चलती कार पर गिरा मलबा
जानकारी के अनुसार, थलीसैंण से दिल्ली जा रहा एक परिवार कार संख्या UK 12 TA 1967 में सवार था। जैसे ही वाहन सतपुली-पौड़ी मार्ग से गुजर रहा था, अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर कार पर गिर पड़े। हादसे में कार के शीशे टूट गए और पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार सवारों को केवल मामूली चोटें आईं।
कार में सवार थे परिवार के छह सदस्य
हादसे के समय कार में संपत्ति देवी (68), दिलबर सिंह (46), करिश्मा नेगी (36), ओजस नेगी (8), प्रशांत नेगी (13) और वाहन चालक सवार थे। सभी लोग बाल-बाल बच गए।
एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सतपुली से सब इंस्पेक्टर सावर सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से वाहन में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका के बीच राहत एवं बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
बारिश के दौरान सतर्क रहने की अपील
एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने प्रदेशवासियों और यात्रियों से अपील की है कि लगातार बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें। यात्रा के दौरान मौसम विभाग और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन, पुलिस या एसडीआरएफ से संपर्क करें।




