उत्तराखंड में भीषण गर्मी का कहर, दून में फिर 40 पार पहुंचा पारा; पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड: उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और हल्द्वानी समेत कई शहरों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। दो दिन की मामूली राहत के बाद रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान फिर से सामान्य से पांच डिग्री अधिक दर्ज किया गया। दून का तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो पिछले छह दिनों में तीसरी बार 40 डिग्री के पार गया है।
मौसम विभाग ने सोमवार को मैदानी क्षेत्रों के लिए भीषण लू चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार देहरादून, हरिद्वार और अन्य मैदानी जिलों में झुलसाने वाली गर्मी का असर बना रहेगा। वहीं पर्वतीय जिलों में मौसम कुछ राहत दे सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार जताए गए हैं।
पर्वतीय क्षेत्रों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने बताया कि कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है।
मैदानी इलाकों में सोमवार को मौसम शुष्क बना रहेगा और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी। वहीं 26 और 27 मई को भी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और गर्जन की संभावना बनी रहेगी।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 मई से 30 मई तक पहाड़ी जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। हालांकि 30 मई को देहरादून और कुछ अन्य मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं, जिससे तापमान में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।




