हरिद्वार में लग्जरी बसों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 45 बसों के चालान, 6 सीज

हरिद्वार। हाल ही में हरिद्वार में दो लग्जरी बसों में आग लगने की घटनाओं के बाद परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत परिवहन विभाग ने 45 लग्जरी और यात्री बसों का चालान किया, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 6 बसों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा 5 वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त करने की संस्तुति भी भेजी गई है।
संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि 6 और 7 जून को हरिद्वार, रुड़की, राष्ट्रीय राजमार्गों, प्रमुख यात्री मार्गों और बस अड्डों पर विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रुड़की कृष्णा पलारिया ने किया।
सुरक्षा मानकों की हुई गहन जांच
अभियान के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, कर अदायगी, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र, चालक लाइसेंस, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन निकास व्यवस्था समेत सभी सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
जांच में कई वाहनों में तकनीकी और वैधानिक खामियां सामने आईं, जिसके बाद मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
सड़क सुरक्षा को लेकर विभाग सख्त
परिवहन विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों और संचालकों के खिलाफ आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। अधिकारियों ने सभी वाहन संचालकों से अपने वाहनों के दस्तावेज अद्यतन रखने, नियमित रखरखाव कराने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।
अभियान में ये अधिकारी रहे शामिल
विशेष अभियान में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी, भारत भूषण, मुकेश भारती, रविंद्र पाल सैनी, हरीश रावल, संगीता धीमान, नवीन तिवारी, केके बिजल्वाण और आनंद वर्धन सहित परिवहन विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




