उत्तराखण्ड

हेमकुंड साहिब यात्रा में शांति और अनुशासन बनाए रखें, शस्त्रों के प्रदर्शन से बचें: ट्रस्ट

गोविंदघाट। गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट, गोविंदघाट ने पवित्र हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन, आपसी सद्भाव और धार्मिक मर्यादाओं का पालन करने की अपील की है। ट्रस्ट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने कहा कि श्रद्धालु श्रद्धा और सम्मान के साथ दर्शन करें तथा यात्रा की गरिमा बनाए रखें।

 

ट्रस्ट की ओर से जारी संदेश में बताया गया कि 23 मई से शुरू हुई श्री हेमकुंड साहिब यात्रा में अब तक हजारों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है। ऐसे में सभी यात्रियों की जिम्मेदारी है कि वे ऐसा कोई कार्य न करें जिससे धार्मिक भावनाओं या परंपराओं को ठेस पहुंचे।

 

सरदार सेवा सिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद या वाद-विवाद से बचना चाहिए और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिख धर्म में शस्त्रों का विशेष महत्व है, लेकिन उनका उद्देश्य धर्म की रक्षा है, न कि प्रदर्शन या दुरुपयोग। इसलिए श्रद्धालु अनावश्यक रूप से शस्त्र लेकर यात्रा पर न आएं। विशेष रूप से छोटे बच्चों को किसी भी प्रकार के शस्त्र साथ रखने से बचाया जाए।

 

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के कारण देवभूमि के रूप में विश्वभर में प्रसिद्ध है। यहां बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे प्रमुख तीर्थस्थलों के साथ श्री हेमकुंड साहिब भी आस्था का बड़ा केंद्र है।

 

ट्रस्ट ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए राज्य सरकार एवं प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। किसी भी समस्या या विवाद की स्थिति में श्रद्धालु कानून अपने हाथ में लेने के बजाय संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें और अपनी शिकायत दर्ज कराएं।

 

गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button