केदारनाथ धाम में सरकारी संपत्ति को नुकसान, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

रुद्रप्रयाग | केदारनाथ धाम में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के प्रयासों के बीच कुछ अराजक तत्वों द्वारा जन-सुविधाओं में तोड़फोड़ की गई है। मामले में कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शौचालयों में तोड़फोड़, कई दरवाजे क्षतिग्रस्त
जानकारी के अनुसार सुलभ इंटरनेशनल के सुपरवाइजर मिंटू पाठक द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर कार्रवाई की गई। तहरीर में बताया गया है कि सेक्टर केदारनाथ, हेलीपैड और घोड़ा पड़ाव क्षेत्र के अंतर्गत स्थापित सार्वजनिक शौचालयों में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तोड़फोड़ की गई है।
केदारनाथ धाम स्थित हाट बाजार, पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पीछे, पंजाब सिंध भवन के पास तथा बेस कैंप क्षेत्र में पांच दरवाजों को क्षतिग्रस्त किया गया है। इसके अलावा विभिन्न सेक्टरों में लगे नल और सिस्टन भी तोड़े गए हैं।
सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत केस
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है और दोषियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
पुलिस की सख्त चेतावनी
रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रचलित केदारनाथ यात्रा की गरिमा और जन-सुविधाओं को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं को बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।



