उत्तराखण्ड

खरगे की हल्द्वानी रैली से पहले कांग्रेस का हंगामा, कोतवाली में धरने पर बैठे गोदियाल

हल्द्वानी: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी के रामलीला मैदान में प्रस्तावित जनसभा से ठीक पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी कोतवाली परिसर में धरना शुरू कर दिया। कांग्रेस नेताओं ने नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी पर सत्ता के दबाव में काम करने का आरोप लगाया।

 

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि खरगे की जनसभा में शामिल होने के लिए बाहरी जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंच रहे कार्यकर्ताओं की गाड़ियों को जगह-जगह रोका जा रहा है। इसे लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। कोतवाली परिसर में धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन और एसएसपी के खिलाफ नारेबाजी भी की।

 

‘जनसभा को फ्लॉप करने की कोशिश’ का आरोप

 

धरने पर बैठे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि प्रशासन पुलिस का सहारा लेकर कांग्रेस की जनसभा को फ्लॉप करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि रैली में आने वाले कार्यकर्ताओं और आम लोगों के वाहनों को बेवजह रोका जा रहा है। कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।

 

वहीं, कांग्रेस नेताओं के प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने रैली में जाने वाले वाहनों को बैरियर से छोड़ने के निर्देश दिए। इसके बाद स्थिति सामान्य करने की कोशिश शुरू हुई।

 

सुबह 11 बजे प्रस्तावित थी जनसभा

 

मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा रामलीला मैदान में सुबह 11 बजे शुरू होने का कार्यक्रम तय था। हालांकि, विवाद और व्यवस्थाओं के चलते अब कार्यक्रम दोपहर करीब 1 बजे शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

 

राहुल गांधी की रैली को लेकर भी हुआ था विवाद

 

कांग्रेस नेताओं ने इससे पहले राहुल गांधी की देहरादून रैली को लेकर हुए विवाद का भी जिक्र किया। कांग्रेस का आरोप था कि छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम के लिए परेड मैदान में रैली की अनुमति दी गई थी, लेकिन कार्यक्रम से एक दिन पहले पुलिस ने अनुमति से इनकार कर दिया। इसके बाद कार्यक्रम बन्नू स्कूल में आयोजित करना पड़ा था।

 

खरगे की जनसभा से पहले हुए इस घटनाक्रम ने हल्द्वानी में सियासी हलचल बढ़ा दी है। कांग्रेस जहां इसे प्रशासनिक दबाव बता रही है, वहीं पुलिस की ओर से यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर की जा रही कार्रवाई के बीच अब जनसभा के सुचारु संचालन पर सभी की नजर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button