उत्तराखण्ड

5 हजार रुपये के शक में दोस्त बना कातिल, शराब पार्टी के बाद रस्सी से घोंट दिया गला

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में 31 जुलाई को निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में मामला हत्या का निकला है। पुलिस ने मृतक के दोस्त को गिरफ्तार किया है, जिसने महज 5 हजार रुपये चोरी होने के शक में अपने ही साथी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल रस्सी और ईंट का टुकड़ा भी बरामद कर लिया गया है।

 

ऊधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने प्रेसवार्ता में बताया कि 31 जुलाई को ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिवनगर इलाके में एक निर्माणाधीन मकान के पास अज्ञात युवक का शव मिला था। शव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया।

 

100 से ज्यादा CCTV फुटेज से खुला राज

 

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की गई। जांच के दौरान मृतक की पहचान ट्रांजिट कैंप निवासी अनिल कुमार पुत्र मुशाराम चंद के रूप में हुई।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अनिल की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी।

 

शराब पार्टी के बाद दिया वारदात को अंजाम

 

जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन अनिल अपने तीन साथियों के साथ आजादनगर, ट्रांजिट कैंप में शराब पी रहा था। कुछ देर बाद दो साथी रोहित राजपूत और विजय वहां से चले गए, जबकि अनिल और उसका करीबी दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का साथ रह गए।

 

पुलिस के मुताबिक, सुनील बहाने से अनिल को शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया, जहां दोनों ने दोबारा शराब पी। इसके बाद सुनील ने लकड़ी की फट्टी और ईंट से अनिल पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। अंत में रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

 

5 हजार रुपये के शक में ली दोस्त की जान

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे संदेह था कि अनिल ने उसके 5 हजार रुपये चोरी कर लिए हैं। इसी शक में उसने हत्या की पूरी साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button