हरिद्वार में दर्दनाक हादसे: कार ने दो मासूम बहनों को कुचला, एक की मौत; ट्रक चालक ने भी गंवाई जान

हरिद्वार: हरिद्वार में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। श्यामपुर थाना क्षेत्र के चंडीघाट बस्ती में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से घर के बाहर खेल रही तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी पांच वर्षीय बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं सुमननगर क्षेत्र में ट्रक के सुरक्षा दीवार से टकराने पर चालक की जान चली गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
घर के बाहर खेल रही बहनों को कार ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार चंडीघाट बस्ती निवासी राजकिशोर की बेटियां अनिता (5) और सरिता (3) घर के बाहर खेल रही थीं। इसी दौरान नमामि गंगे घाट की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार ने दोनों बच्चियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चालक कार समेत फरार हो गया।
तीन वर्षीय बच्ची की मौत, बड़ी बहन अस्पताल में भर्ती
स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन वर्षीय सरिता को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनिता का इलाज अस्पताल में जारी है। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि बच्चियों के माता-पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
श्यामपुर क्षेत्राधिकारी अवनी तिवारी ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
सुमननगर में ट्रक हादसे में चालक की मौत
उधर, देर रात सुमननगर के पथरी पुल के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर रौ नदी की सुरक्षा दीवार से टकरा गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।
अस्पताल में तोड़ा दम
पुलिस और स्थानीय लोगों ने चालक को केबिन से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान चंदन जोशी (28) पुत्र सर्वेश कुमार, निवासी शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह पंजाब नंबर के ट्रक से सिडकुल की ओर जा रहा था।
दोनों मामलों की जांच जारी
रानीपुर कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि ट्रक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं श्यामपुर पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी हुई है।




