उत्तराखण्ड

हेमकुंड जा रहे श्रद्धालुओं का स्थानीय लोगों से विवाद, कर्णप्रयाग में बवाल; बदरीनाथ हाईवे पर लगा जाम

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग नगर में मंगलवार को सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

जानकारी के अनुसार, सिख श्रद्धालुओं का एक जत्था हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहा था। इसी दौरान कर्णप्रयाग बाजार क्षेत्र में किसी बात को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के दौरान तलवारबाजी की भी सूचना है, जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने बाजार क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन करते हुए बदरीनाथ हाईवे पर जाम लगा दिया।

 

हाईवे जाम होने से यात्रा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया गया।

 

कर्णप्रयाग के क्षेत्राधिकारी (सीओ) त्रिवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि बाजार क्षेत्र में सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी हुई थी। उनके अनुसार, विवाद के दौरान एक सिख श्रद्धालु द्वारा तलवार से हमला किए जाने की घटना सामने आई है, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए यातायात बाधित कर दिया।

 

पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद है और स्थिति को सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल विवाद के कारणों की जांच की जा रही है और मामले की विस्तृत पड़ताल जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button