मुख्यमंत्री धामी ने 7.56 लाख पेंशनर्स को वन क्लिक से जारी किए 111.82 करोड़ रुपये

देहरादून | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत अप्रैल माह की पेंशन ‘वन क्लिक’ के माध्यम से जारी की। सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में शत-प्रतिशत राज्य पोषित योजनाओं के 7,56,682 लाभार्थियों को कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई।
जारी की गई राशि में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली तथा बौना पेंशन योजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है और आर्थिक एवं सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पेंशन का लाभ पहुंचाने के लिए नियमित रूप से बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप प्रतिवर्ष 60 हजार से अधिक नए लाभार्थी समाज कल्याण पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगे भी इस प्रकार के कैंप आयोजित किए जाएं। साथ ही प्रत्येक वर्ष 59 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले व्यक्तियों का सर्वे कर पात्र लाभार्थियों के आवेदन और अन्य औपचारिकताएं पहले से पूरी कर ली जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही उन्हें पेंशन का लाभ मिल सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए वार्षिक आय की सीमा को व्यावहारिक बनाया जाए। इसके अतिरिक्त पेंशन योजनाओं सहित विभाग की अन्य योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।




