उत्तराखण्ड

आत्मसम्मान से समझौता नहीं करूंगा, कुंजापुरी मेले में गायक के साथ हुए विवाद के बाद फिर वायरल हुआ मंत्री का बयान

देहरादून। पंजाबी गायक दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच कुंजापुरी मेले में हुआ विवाद एक बार फिर चर्चा में है। इस बीच मंत्री सुबोध उनियाल का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह कहते सुनाई दे रहे हैं कि यदि आलाकमान भी उनसे माफी मांगने के लिए कहेगा तो वह माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देना पसंद करेंगे। उन्होंने आत्मसम्मान को जीवन में सबसे महत्वपूर्ण बताया।

वीडियो में सुबोध उनियाल कह रहे हैं कि कुछ लोगों ने उनसे कहा कि यदि आलाकमान माफी मांगने के लिए कहेगा तो उन्हें माफी मांगनी पड़ेगी। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि वह माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देना पसंद करेंगे, लेकिन अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं करेंगे। उनका यह बयान दलेर मेहंदी विवाद के बीच सामने आया है।

दलेर मेहंदी की प्रस्तुति पर क्या बोले थे मंत्री?

दरअसल, 18 अक्टूबर को टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान उनकी आवाज लड़खड़ाने को लेकर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उन्हें टोका। मंत्री ने बाद में कहा था कि उस समय उन्हें लगा कि गायक नशे में हैं, हालांकि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि उनकी आवाज किस वजह से लड़खड़ा रही थी। बाद में उन्हें गायक की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली थी।

उनियाल के अनुसार, यदि गायक की तबीयत ठीक नहीं थी तो आयोजकों या दर्शकों को इसकी जानकारी दी जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा था कि कार्यक्रम में करीब 45 मिनट तक ठीक से प्रस्तुति नहीं हो पाने पर जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने गायक को टोका था। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया था कि उनका उद्देश्य संगीत या किसी कलाकार को बदनाम करना नहीं था।

मंच पर हुई थी मंत्री और गायक के बीच बहस

कुंजापुरी मेले में प्रस्तुति के दौरान मंत्री के हस्तक्षेप पर दलेर मेहंदी ने उनसे पंडाल में बैठने का अनुरोध किया था। गायक ने कहा था कि उन्हें सम्मान के साथ कार्यक्रम में बुलाया गया है और वह अच्छी प्रस्तुति दे रहे हैं। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया था।

मीका सिंह ने जताई थी नाराजगी, सीएम धामी ने की थी बातचीत

विवाद के बाद गायक मीका सिंह, कपिल शर्मा और अन्य कलाकारों ने मंत्री के बयान पर नाराजगी जताई थी। मीका सिंह ने इस मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी बातचीत की थी। मुख्यमंत्री ने दलेर मेहंदी से भी बात की थी और आपसी संवाद के माध्यम से गलतफहमियां दूर करने की बात कही थी।

इससे पहले सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी से माफी मांगने की खबरों को भी खारिज किया था। अब माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देने संबंधी उनका ताजा बयान सामने आने के बाद यह विवाद फिर सुर्खियों में आ गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button