उत्तराखण्ड

केदारताल में लापता पर्वतारोहियों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान तेज, हेलिकॉप्टर से उतारी गई 10 सदस्यीय टीम

उत्तरकाशी। केदारताल क्षेत्र में लापता पर्वतारोहियों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। क्षेत्र की संकरी घाटी और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बचाव अभियान में चुनौती आ रही है। जिला प्रशासन के अनुसार, एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की 10 सदस्यीय टीम को हेलिकॉप्टर से संबंधित स्थान पर उतारा गया है। टीम ने सुबह से खोजबीन अभियान शुरू कर दिया है। वहीं, गंगोत्री नेशनल पार्क की टीम भी नीचे की ओर से आगे बढ़ते हुए खोह और गुफाओं में तलाश करेगी।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि केदारताल क्षेत्र की घाटी संकरी होने के कारण हेलिकॉप्टर से निगरानी और रेस्क्यू करना चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने पिछले महीने कालिंदी पास (कालिंदी खाल) ट्रेक के पास फंसे पर्वतारोहियों के रेस्क्यू अभियान का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां की भौगोलिक स्थिति अलग थी। वह क्षेत्र खुला और चौड़ा था, जहां हेलिकॉप्टर उतर सकता था। इसके चलते हेलिकॉप्टर से पर्वतारोहियों और बचाव दल को देखना अपेक्षाकृत आसान था।

उन्होंने बताया कि केदारताल क्षेत्र में एसडीआरएफ और निम की 10 सदस्यीय टीम को उतारा गया है। यह टीम दोबारा खोजबीन अभियान चलाएगी। इसके अलावा गंगोत्री नेशनल पार्क की टीम भी नीचे से आगे बढ़ेगी और उन स्थानों पर तलाश करेगी, जहां कोई व्यक्ति सुरक्षा के लिहाज से आश्रय ले सकता है। टीम खोह और गुफाओं में भी खोजबीन करेगी।

जिलाधिकारी के अनुसार, मंगलवार को मौसम साफ रहने की संभावना है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद मिल सकती है। जरूरत पड़ने पर अभियान में अन्य टीमों की सहायता भी ली जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button