केदारताल हिमस्खलन: दो शव मिलने के बाद तेज हुआ रेस्क्यू अभियान, छह की तलाश बाकी

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रेक पर हिमस्खलन की चपेट में आकर लापता हुए आठ लोगों में से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं। मंगलवार, 3 नवंबर को चलाए गए सर्च अभियान के दौरान रेस्क्यू टीम को एक महिला और एक पुरुष पर्वतारोही का शव मिला। हालांकि, अभी छह अन्य लापता लोगों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र, बर्फबारी और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी हैं। बुधवार, 4 नवंबर को फिर से सर्च अभियान चलाया जाएगा।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे केदारताल क्षेत्र में लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया। एसडीआरएफ, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) सहित अन्य रेस्क्यू एजेंसियों की टीमें इसमें शामिल रहीं। कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान एक महिला और एक पुरुष का शव बरामद हुआ। दोपहर करीब तीन बजे तक अभियान चलाने के बाद रेस्क्यू टीम बेस कैंप लौट आई। शेष छह लोगों की तलाश बुधवार को दोबारा की जाएगी।
4005 मीटर की ऊंचाई पर वैकल्पिक हेलीपैड तैयार
रेस्क्यू अभियान को गति देने और दुर्गम क्षेत्र तक राहत एवं बचाव दल की पहुंच आसान बनाने के लिए घटनास्थल के समीप वैकल्पिक हेलीपैड तैयार करने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए समुद्र तल से करीब 4005 मीटर की ऊंचाई पर स्थान चिह्नित किया गया है। यहां हेलीकॉप्टर उतारने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर रेस्क्यू टीम और आवश्यक उपकरणों को घटनास्थल के नजदीक पहुंचाया जा सके। इससे अभियान में लगने वाले समय को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
27 अक्टूबर को रवाना हुआ था 13 सदस्यीय दल
बीते 27 अक्टूबर को गंगोत्री से सात ट्रेकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ समेत कुल 13 सदस्यीय दल केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। इनमें से एक कुक अगले ही दिन गंगोत्री लौट आया था। दल के अन्य सदस्यों को 29 अक्टूबर तक वापस लौटना था, लेकिन मौसम खराब होने और रास्ते में फंसने के कारण वे निर्धारित समय पर नहीं पहुंच सके।
लापता दल को सुरक्षित निकालने के लिए 30 अक्टूबर को सर्च एंड रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया था। इस दौरान रेस्क्यू टीम ने चार हजार मीटर की ऊंचाई पर तीन पोर्टर और एक कुक को सुरक्षित बचाकर कैंप तक पहुंचाया था। वहीं, सात ट्रेकर्स और एक गाइड की तलाश जारी रही। अब दो शव बरामद होने के बाद भी छह लोग लापता हैं। प्रशासन और रेस्क्यू एजेंसियों की निगाहें बुधवार को प्रस्तावित सर्च अभियान पर टिकी हैं।
आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने बताया कि मंगलवार को चलाए गए अभियान में एक महिला और एक पुरुष के शव बरामद हुए हैं। घटनास्थल के समीप 4005 मीटर की ऊंचाई पर वैकल्पिक हेलीपैड चिह्नित किया गया है। बुधवार को मौसम और परिस्थितियों के अनुसार दोबारा सर्च अभियान चलाकर शेष छह लोगों की तलाश की जाएगी।




