उत्तरकाशी में गौमुख-तपोवन समेत चार हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले ट्रेक बंद, नए परमिट जारी करने पर रोक

उत्तरकाशी। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी के चलते उत्तरकाशी जिले के चार हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले ट्रेकिंग रूटों पर आवाजाही रोक दी गई है। इनमें गौमुख-तपोवन ट्रेक भी शामिल है। गंगोत्री नेशनल पार्क और उत्तरकाशी वन प्रभाग ने पर्यटकों व ट्रेकर्स की सुरक्षा को देखते हुए इन मार्गों के लिए फिलहाल नए परमिट जारी नहीं करने का निर्णय लिया है।
गंगोत्री नेशनल पार्क के उप निदेशक मयंक कुमार ने बताया कि 29 अक्टूबर को हुई बर्फबारी के बाद गौमुख-तपोवन ट्रेक पर काफी मात्रा में बर्फ जमा हो गई है। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से इस मार्ग पर आवाजाही बंद रखी गई है। उन्होंने बताया कि केदारताल, कालिंदी खाल और उडनकोल आदि ट्रेक रूटों के लिए भी नए परमिट जारी नहीं किए जा रहे हैं। मार्गों की स्थिति का आकलन करने और सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद ही इन्हें दोबारा खोलने पर निर्णय लिया जाएगा।
हालांकि, नेलांग घाटी और गरतांग गली पर्यटकों के लिए खुले हुए हैं। वहीं, उत्तरकाशी वन प्रभाग के डीएफओ जीवन मोहन दगड़े ने बताया कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण ट्रेकिंग मार्गों पर आवाजाही जोखिमभरी हो गई है। स्थिति सामान्य होने तक इन रूटों के लिए अनुमति जारी नहीं की जाएगी।
इस सीजन में ट्रेकिंग दोबारा शुरू होने की उम्मीद कम
गंगोत्री नेशनल पार्क क्षेत्र में लगातार बदल रहे मौसम और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते इस सीजन में ट्रेकिंग गतिविधियां दोबारा शुरू होने की संभावना कम है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ जमने और मौसम के बार-बार बदलने से ट्रेकिंग का सुरक्षित संचालन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। ऐसे में पर्यटकों और ट्रेकर्स को इस सीजन में इन उच्च हिमालयी मार्गों पर जाने का मौका मिलने की संभावना कम है। उन्हें अब अगले ट्रेकिंग सीजन का इंतजार करना पड़ सकता है।




