रुड़की में युवक ने चाकू से अपनी गर्दन पर किया वार, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में सोमवार को गणेश चौक के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने कथित तौर पर चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अपनी गाड़ी से उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान अरमान निवासी जनता मजदूर कॉलोनी, दिल्ली के रूप में बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अरमान रुड़की रेलवे स्टेशन की ओर से गणेश चौक की तरफ आ रहा था। तुलसी हॉस्पिटल के पास पहुंचने पर उसने अचानक चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर लिया। घायल होने के बाद वह सड़क पर गिर गया।
बताया गया कि घटना से कुछ देर पहले युवक ने बाजार की एक दुकान से 10 रुपये में चाकू खरीदा था। युवक को घायल अवस्था में देखकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर जुट गए। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गर्दन पर गंभीर चोट होने के कारण उसकी हालत चिंताजनक बताई गई। इसके बाद उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद कुछ देर तक गणेश चौक पर लोगों की भीड़ लगी रही। युवक ने आखिर किस वजह से खुद को घायल किया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस युवक के बारे में जानकारी जुटाने के साथ ही घटना के कारणों की जांच कर रही है।
गंगनहर कोतवाली के एसएसआई दीप कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। युवक ने बाजार से 10 रुपये का चाकू खरीदकर खुद को घायल किया। उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने यह कदम किन कारणों से उठाया।




