उच्च हिमालय में फंसे 96 ट्रेकर्स का हेली रेस्क्यू फिर शुरू, आज अभियान पूरा होने की उम्मीद

उत्तरकाशी। बर्फबारी के चलते उच्च हिमालयी क्षेत्र में फंसे पर्वतारोहियों और ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए हेली रेस्क्यू अभियान मंगलवार को दोबारा शुरू कर दिया गया है। सोमवार को अभियान के दौरान 40 ट्रेकर्स को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। हालांकि, दोपहर करीब 2 बजे के बाद मौसम खराब होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा, जिसके चलते 96 पर्वतारोहियों और ट्रेकर्स को निकाला जाना बाकी रह गया था।
मंगलवार को हर्षिल हेलीपैड पर अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र की मौजूदगी में रेस्क्यू अभियान से जुड़े सभी कार्मिकों और हेलीकॉप्टर पायलटों के साथ आवश्यक समन्वय और विस्तृत योजना तैयार की गई। इसके बाद अभियान को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से दोबारा शुरू किया गया।
सभी रेस्क्यू टीमें आपसी समन्वय के साथ निर्धारित योजना के अनुसार कार्य कर रही हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि मंगलवार को ही शेष पर्वतारोहियों और ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने का अभियान पूरा कर लिया जाएगा।




