बदरीनाथ में 22 दिन एकांत साधना करेंगे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, देंगे प्रचार-प्रसार का संदेश

बदरीनाथ: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों हिमालय की गोद में स्थित बदरीनाथ धाम की आध्यात्मिक वादियों में प्रवास पर हैं। वे यहां 22 दिनों तक एकांत साधना, ध्यान और योग करेंगे। साधना बदरीनाथ के बामणी गांव के निकट पवित्र ऋषि गंगा के तट पर नव निर्मित ध्यान केंद्र में की जाएगी।
बताया गया है कि प्रवास के दौरान वे कथा और प्रवचन के माध्यम से विश्व कल्याण, मानवता की सेवा और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार का संदेश भी देंगे। साक्षात भू-बैकुंठ माने जाने वाले बदरीनाथ में आध्यात्मिक ऊर्जा के आत्मसंचार के उद्देश्य से यह साधना की जा रही है।
बुधवार को धाम पहुंचने पर उनका स्वागत हनुमान मंदिर खाक चौक के संतों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने किया। चारधाम होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी उनका अभिनंदन किया। बताया गया कि वे ऋषि गंगा के शांत वातावरण में ध्यान योग के माध्यम से आध्यात्मिक ऊर्जा संचय करेंगे।
उल्लेखनीय है कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री प्रत्येक वर्ष भगवान बद्री विशाल के दर्शन के लिए बदरीनाथ पहुंचते हैं और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। पूर्व में भी वे यहां रहकर साधना कर चुके हैं।
इस बीच केंद्र सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत धाम को स्प्रिचुअल हिल टाउन के रूप में विकसित किए जाने की योजना पर कार्य जारी है। पर्यटन विभाग के अनुसार मास्टर प्लान में क्षेत्र के सौंदर्यीकरण, सांस्कृतिक पहचान और आध्यात्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थलों का विकास किया जा रहा है। देव दर्शनी पॉइंट को इस प्रकार विकसित किया जा रहा है कि श्रद्धालुओं को यहां से बदरीनाथ धाम के प्रथम दर्शन भव्य और दिव्य स्वरूप में प्राप्त हो सकें।




