उत्तराखण्ड

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा, 100 मीटर गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस; 6 की मौत की आशंका

ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर के पास हरिद्वार से बदरीनाथ जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 30 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।

हादसे में अब तक चार शव निकाले जाने की जानकारी है, जबकि छह लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं करीब 20 यात्रियों के घायल होने की खबर है। हालांकि, मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। घटना मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है।

सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। इसके बाद मुनिकीरेती थाना पुलिस, गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकी का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस की टीमों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीमों ने खाई में उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया जा रहा है, जहां से उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा जा रहा है।

एसडीआरएफ इंचार्ज कविंद्र सजवाण के अनुसार, बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। हादसे में करीब 20 लोगों के घायल होने की जानकारी है, जबकि छह लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है। रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी के लिए क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और मुनिकीरेती थाना प्रभारी भी मौके पर मौजूद हैं। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।

हादसे में घायल यात्रियों की मिली सूची

प्रशासन की ओर से अब तक 13 घायलों की जानकारी सामने आई है। इनमें झारखंड, बिहार, उत्तराखंड, असम और दिल्ली के यात्री शामिल हैं। घायलों में तीन वर्षीय बच्ची आयरा और 58 वर्षीय वीरेंद्र सिंह भी शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button