उत्तराखण्ड

हरिद्वार में हथियार तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, चार गिरफ्तार; एक के पैर में लगी गोली

हरिद्वार: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हरिद्वार पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। बहादराबाद क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी को अलग से गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर पांच अवैध पिस्टल, एक देसी तमंचा और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार, गिरोह उत्तर प्रदेश के मेरठ और आसपास के सीमावर्ती इलाकों से अवैध हथियार खरीदकर हरिद्वार में सप्लाई कर रहा था। आरोपी धीरे-धीरे जिले में अपना नेटवर्क मजबूत कर रहे थे। 15 नवंबर को बहादराबाद थाना क्षेत्र में पुलिस बौंगला तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से कुछ लोग अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के लिए आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की।

पुलिस के मुताबिक, मौके पर एक व्यक्ति पैदल और दो लोग मोटरसाइकिल से पहुंचे। पुलिस ने बाइक सवार दोनों आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि मुकुल पाल भागकर गन्ने के खेत में घुस गया। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। चेतावनी के बावजूद दोबारा गोली चलाने पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुकुल के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि मुकुल के कब्जे से दो पिस्टल और भूपेंद्र के पास से एक देसी तमंचा बरामद हुआ। वहीं, आरोपी विशाल कुमार की निशानदेही पर बौंगला गांव के पास पीठ बाजार के सामने आम के बाग में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई दो पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

इसके बाद 16 नवंबर को बढ़ेड़ी फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान प्रशांत कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस मिले। इस तरह पुलिस ने कुल पांच पिस्टल, एक देसी तमंचा और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, गिरोह में मुकुल पाल मेरठ क्षेत्र से अवैध हथियार लाकर हरिद्वार पहुंचाता था, जबकि विशाल कुमार जिले में नेटवर्क को आगे बढ़ा रहा था। गिरफ्तार आरोपी मुकुल पाल के खिलाफ पहले भी लूट और दुष्कर्म के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपियों ने हथियार कहां से खरीदे और किन लोगों को सप्लाई किए। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकुल पाल निवासी बमौरी, थाना सरधना, मेरठ; भूपेंद्र निवासी मंसूरपुर, मुजफ्फरनगर; विशाल कुमार निवासी बहादराबाद, हरिद्वार और प्रशांत कुमार निवासी दादूपुर गोविंदपुर, रानीपुर, हरिद्वार के रूप में की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button