बेटे को डूबता देख पिता ने नदी में लगाई छलांग, दोनों की जान बचाने पहुंची PAC टीम

हरिद्वार: बहादराबाद स्थित सर्वेश्वर घाट पर छठ पूजा के दौरान बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां नहाते समय 16 वर्षीय आयुष गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बेटे को डूबता देख उसके पिता ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन इस दौरान दोनों ही पानी में डूबने लगे। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घाट पर मौजूद लोगों ने पिता और बेटे को बचाने की कोशिश की। इसी बीच मौके पर तैनात पीएसी की आपदा राहत टीम को घटना की जानकारी मिली। टीम ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और जवानों ने पानी में उतरकर पिता और बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय आयुष छठ पूजा के लिए अपने परिवार के साथ सर्वेश्वर घाट पहुंचा था। पूजा के दौरान हुए इस हादसे से परिवार में दहशत फैल गई। हालांकि, पीएसी की आपदा राहत टीम की तत्परता से समय रहते दोनों की जान बच गई।




