उत्तराखण्ड

यमुनोत्री हाईवे पर जल्द दौड़ेंगे वाहन, स्यानाचट्टी में नया पुल बनकर तैयार

उत्तरकाशी: यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा व्यवस्था बहाल होने की दिशा में राहत भरी खबर सामने आई है। स्यानाचट्टी में यमुना नदी पर बनाया गया नया बैली ब्रिज पूरी तरह तैयार हो चुका है। विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बुधवार से इस पुल पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने की संभावना है।

 

भारी बारिश के दौरान हुए भूस्खलन से क्षतिग्रस्त राष्ट्रीय राजमार्ग को बहाल करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) विभाग युद्धस्तर पर काम कर रहा है। किमी 80+300 पर गैबियन सुरक्षा दीवार का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। विभाग का लक्ष्य बुधवार तक निर्माण कार्य पूरा कर शाम तक मार्ग को यातायात के लिए खोलना है।

 

गौरतलब है कि बीते सप्ताह हुई भारी बारिश के कारण स्यानाचट्टी में राष्ट्रीय राजमार्ग का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे यमुनोत्री धाम की यात्रा प्रभावित हुई और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई थी। तब से एनएच विभाग की टीमें लगातार मशीनों और कर्मचारियों की मदद से मार्ग बहाली में जुटी हुई हैं।

 

वहीं, यमुना नदी का जलस्तर कम होने के बाद स्यानाचट्टी क्षेत्र में राहत एवं सुरक्षा कार्यों में भी तेजी आ गई है। नदी के बढ़े बहाव और मलबे से प्रभावित हिस्सों को सुरक्षित करने के लिए दो पोकलेन मशीनें नदी में उतारी गई हैं। इनकी मदद से नदी की धारा को व्यवस्थित किया जा रहा है, मलबा हटाया जा रहा है और बस्ती की सुरक्षा के लिए सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं।

 

स्थानीय लोगों ने जलस्तर घटने पर राहत जताई है। स्थानीय निवासी दिनेश राणा और विवेक राणा ने बताया कि नदी का बहाव बस्ती की ओर मुड़ने से खतरा बना हुआ था, लेकिन अब मशीनों के माध्यम से धारा को सुरक्षित दिशा दी जा रही है।

 

ग्रामीणों ने प्रशासन से अस्थायी उपायों के साथ-साथ क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था विकसित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में बाढ़ और कटाव जैसी आपदाओं से स्यानाचट्टी की बस्ती को सुरक्षित रखा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button