देहरादून में दिव्यांग युवक से मारपीट, वीडियो वायरल; पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

देहरादून: रायपुर थाना क्षेत्र में एक दिव्यांग युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक एक व्यक्ति को सड़क किनारे गिराकर लात-घूंसों से मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, घटना 9 जून 2026 की रात करीब 10:15 बजे ऋषि नगर क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि हरियाणा नंबर की दो कारों में सवार करीब आठ युवक एक वाइन शॉप के पास पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका एक स्थानीय दिव्यांग युवक से विवाद हो गया।
आरोप है कि कहासुनी के बाद सभी युवक एकजुट होकर पीड़ित पर टूट पड़े और उसे सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में युवक को कई चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी मौके से सहस्त्रधारा की ओर फरार हो गए।
पीड़ित ने थाना रायपुर में दी गई शिकायत में बताया कि हमलावर शराब के नशे में थे। उसने पुलिस को घटना का वीडियो और मेडिकल रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई है तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
वहीं, थाना रायपुर प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है। वाहन हरियाणा नंबर के हैं, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनमें सवार सभी युवक देहरादून के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




