उत्तराखण्ड

अंकिता भंडारी की कथित निजी चैट सार्वजनिक करने पर विनोद आर्या के खिलाफ तहरीर, पहाड़ी महासभा ने दी आंदोलन की चेतावनी

हरिद्वार: अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री विनोद आर्या की ओर से अंकिता भंडारी से जुड़ी कथित निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक किए जाने का पहाड़ी महासभा ने विरोध किया है। सोमवार को महासभा के पदाधिकारियों ने हरिद्वार नगर कोतवाली पहुंचकर विनोद आर्या के खिलाफ तहरीर दी और मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। संगठन ने मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

पहाड़ी महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड बेहद संवेदनशील मामला है। ऐसे में मृतका की निजी बातचीत सार्वजनिक करना उसकी निजता और गरिमा से जुड़ा गंभीर विषय है। महासभा का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और इस दौरान कथित निजी चैट सार्वजनिक नहीं की जानी चाहिए थी।

दरअसल, अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्या के पिता और पूर्व दर्जाधारी राज्यमंत्री विनोद आर्या ने रविवार 15 नवंबर को अपने वकील के साथ हरिद्वार में प्रेस वार्ता की थी। इस दौरान उन्होंने अंकिता भंडारी की कुछ कथित निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की थीं। विनोद आर्या और उनके वकील ने हत्याकांड की जांच करने वाली एसआईटी की जांच पर भी सवाल उठाए थे।

पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास ने कहा कि अंकिता भंडारी पूरे उत्तराखंड की बेटी थी। उसकी निजी बातचीत सार्वजनिक करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर अंकिता के परिजन अब भी न्याय की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विनोद आर्या इस मामले को भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि विनोद आर्या के पास ये कथित चैट कहां से आईं। साथ ही उनकी 50 करोड़ रुपये की संपत्ति से जुड़े दावों की भी जांच की मांग की।

महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सरिता पुरोहित ने कहा कि अंकिता के साथ हुई घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। आज भी लोग उसके माता-पिता के साथ खड़े होकर न्याय की मांग कर रहे हैं। ऐसे में उसकी निजी चैट सार्वजनिक होने से पूरे उत्तराखंड को ठेस पहुंची है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर विनोद आर्या के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

वहीं, नगर कोतवाली में तैनात एसएसआई नंद किशोर ग्वाडी ने बताया कि पहाड़ी महासभा की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button