उत्तराखण्ड

गूलर बस हादसे में चालक की लापरवाही का आरोप, घायल यात्री बोला- बार-बार कहने पर भी नहीं घटाई रफ्तार

ऋषिकेश: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के गूलर के पास हुए दर्दनाक बस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद एक घायल यात्री ने दुर्घटना की वजह बताते हुए बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। यात्री के मुताबिक, बस की रफ्तार शुरुआत से ही तेज थी और पहाड़ी रास्तों के खतरनाक मोड़ों पर भी चालक ने गति कम नहीं की।

हादसे में घायल पंकज ने बताया कि वह भी बस में सवार थे। सफर के दौरान बस काफी तेज रफ्तार से चल रही थी। पहाड़ी रास्तों पर खतरा महसूस होने के कारण कई यात्रियों ने चालक को बार-बार बस धीमी चलाने के लिए कहा, लेकिन उसने यात्रियों की चेतावनी को अनसुना कर दिया।

पंकज के अनुसार, कुछ दूरी आगे गूलर के पास एक मोड़ पर चालक बस से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सीधे गहरी खाई में जा गिरी। बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और घायल लोग मदद के लिए पुकारने लगे। घायल पंकज का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

मुनिकीरेती के इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि गूलर के पास हुए हादसे में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है। बस में कुल 34 लोग सवार थे। हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं।

गौरतलब है कि बस हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी। गूलर के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दुख जताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button