उत्तराखण्ड

सीएम धामी ने खटीमा में व्रती महिलाओं के साथ उगते सूर्य को दिया अर्घ्य, छठ महापर्व का समापन

खटीमा: लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा सोमवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा के मेलाघाट क्षेत्र स्थित 22 पुल छठ घाट पहुंचे। उन्होंने व्रती महिलाओं के साथ विधि-विधान से उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने फलों की डलिया उठाकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और पूर्वांचल समाज सहित प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा आपसी मेलजोल, भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाला पर्व है। यह पूर्वांचल की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

छठ पूजा के अंतिम दिन सोमवार सुबह से ही 22 पुल छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। सैकड़ों की संख्या में पूर्वांचल समाज के लोगों ने घाट पर पहुंचकर भगवान सूर्य की उपासना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने छठ पर्व को जल, सूर्य उपासना और प्रकृति के करीब रहने का संदेश देने वाला महापर्व बताया। उन्होंने सूर्य भगवान और छठी मैया से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी सहित जिला स्तरीय अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button