जनगणना: देहरादून 2700 ब्लॉक में बंटा, स्वगणना शुरू, पहले ही दिन उलझे लोग

देहरादून । आपके घर में कितने सदस्य रहते हैं, परिवार में कौन क्या करता है और घर से जुड़ी दूसरी जानकारियां क्या हैं, जल्द ही इनका ब्योरा जनगणना में दर्ज होगा। इस बार देहरादून में जनगणना को आसान बनाने के लिए नगर निगम ने शहर को करीब 2700 ब्लॉक में बांटा है। हर ब्लॉक में एक प्रगणक को 700 लोगों की जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है। खास बात यह है कि जनगणना के पहले चरण में सोमवार से स्वगणना यानी खुद अपनी जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
नगर निगम के 100 वार्डों में पहले जनगणना के लिए 1927 ब्लॉक बनाए गए थे। अब इनकी संख्या 2700 कर दी गई है, ताकि कर्मचारियों को अपने क्षेत्र में जानकारी जुटाने में परेशानी न हो। वहीं, स्वगणना को लेकर नगर निगम लोगों तक पहुंचने की तैयारी कर रहा है। डीएवी-डीबीएस कॉलेज समेत शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। यहां शिक्षकों और विद्यार्थियों को बताया जाएगा कि स्वगणना कैसे करनी है। उनसे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी देने की अपील की जाएगी। पार्षदों के माध्यम से भी हर वार्ड में लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस माह के अंत तक स्वगणना होगी। दिसंबर में जनगणना का काम शुरू होगा।
मेयर और मंत्रियों ने खुद दर्ज की जानकारी
सोमवार को मेयर सौरभ थपलियाल ने खुद अपनी जानकारी दर्ज कर स्वगणना अभियान की शुरुआत की। उन्होंने लोगों से भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। मंत्री गणेश जोशी और खजानदास ने भी स्वगणना की। नगर निगम जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के जरिये लोगों को जागरूक करेगा।
3000 को ट्रेनिंग, 200 कर्मियों की कमी
जनगणना के लिए नगर निगम में एक महीने से कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विभिन्न विभागों के तीन हजार से अधिक कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। करीब 200 कर्मचारियों की कमी है। नगर निगम की ओर से विभागों को कर्मचारी भेजने के लिए नोटिस भी दिए गए हैं।
पहले ही दिन स्वगणना में उलझे लोग
उत्तराखंड में सोमवार से जनगणना के तहत स्वगणना का काम शुरू हो गया। लेकिन पहले दिन कई लोगों को स्वगणना के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन के साथ ही कई अन्य लोगों ने सफलतापूर्वक अपनी स्वगणना कराई।
माजरा निवासी खुर्शीद अहमद सिद्दीकी ने बताया कि जब उन्होंने स्वगणना शुरू की तो नाम दर्ज करने के बाद पांच-छह चरणों वाले करीब 40 सवालों में ही उलझकर रह गए। नाम, मां, पिता का नाम और उनकी जन्मतिथि पूछी गई, धर्म, बिरादरी और व्यवसाय से जुड़े तकनीकी प्रश्नों का सही उत्तर दे पाना आम आदमी के लिए कठिन है। इसके अलावा पोर्टल बार-बार बंद हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को सरल किए जाने की जरूरत है।
इधर, समाजसेवी एनसी कुलाश्री ने बताया कि स्वगणना की प्रणाली कठिन है। उन्होंने कहा कि इसे तकनीकी रूप से एक्सपर्ट ही आसानी से कर सकता है। जनगणना के लिए 40 से अधिक सवाल विभिन्न चरणों में पूछे गए हैं। यह प्रक्रिया बेहद उलझाऊ है। सबसे बड़ी बात कि एक परिवार की एंट्री में घंटों लग रहे हैं। दस्तावेज अपलोड करते समय विकल्प कई बार काम नहीं कर रहा है। पोर्टल भी बार-बार दिक्कत कर रहा है। इस व्यवस्था को सुगम बनाने की जरूरत है।
सीएम और राज्यपाल ने भी की स्वगणना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को सपरिवार स्व-गणना कराई। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। सीएम ने कहा कि जनगणना से प्राप्त जानकारी भविष्य की विकास योजनाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में जनसंख्या के सटीक आंकड़ों का विशेष महत्व है। पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए क्षेत्रवार जनसंख्या एवं स्थानीय आवश्यकताओं की विश्वसनीय जानकारी उपयोगी होती है।
दूसरी ओर, इस संबंध में जनगणना निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि स्वगणना के लिए तैयार पोर्टल ठीक से काम कर रहा है और मुख्यमंत्री, राज्यपाल के साथ ही राज्य में कई लोगों ने स्वगणना का काम किया है। उन्होंने कहा कि लोग आसानी से स्वगणना कर सकें, इसके लिए निदेशालय की ओर से लगातार जागरूकता बढ़ाई जा रही है। आने वाले दिनों में इसमें तेजी आएगी।




