उत्तराखण्ड

स्विमिंग पूल में नहाने गए युवक की संदिग्ध मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में स्विमिंग पूल में नहाने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

 

बुलंदशहर निवासी था मृतक

 

मृतक की पहचान कपिल शर्मा पुत्र देवी शरण शर्मा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के रहने वाले थे और वर्तमान में दिनेशपुर के धर्मपुर क्षेत्र में रहकर एक फाइबर कंपनी में कार्यरत थे। कपिल अपने परिवार में तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे।

 

दोस्तों के साथ गए थे स्विमिंग पूल

 

मृतक के चचेरे भाई सुधीर के अनुसार, शनिवार रात करीब 8:30 बजे कपिल अपने कुछ दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां कपिल को मृत अवस्था में देखकर परिवार में कोहराम मच गया।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा

 

घटना की सूचना पर दिनेशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि युवक की मौत डूबने, स्वास्थ्य संबंधी समस्या या किसी अन्य वजह से हुई।

 

सीसीटीवी फुटेज और दोस्तों से पूछताछ

 

पुलिस ने बताया कि घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही घटना के समय कपिल के साथ मौजूद दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

युवक की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button