उत्तराखण्ड

वन विभाग में तबादलों के आदेश का पालन नहीं, 30 सितंबर तक रिलीव करने का अल्टीमेटम

देहरादून: वन विभाग में तबादला होने के बावजूद नई तैनाती पर नहीं जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए मुख्यालय ने सख्ती दिखाई है। विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को 30 सितंबर तक नई तैनाती पर भेजने की समय सीमा तय की है। इसके साथ ही तमाम डिविजन और रिजर्व के निदेशकों को भी अल्टीमेटम दिया गया है।

दरअसल, इस बार वन विभाग में बड़े स्तर पर तबादले किए गए थे। इसमें वन आरक्षी से लेकर वन दरोगा और डिप्टी रेंजर तक बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां बदली गई थीं। तबादला सूची जारी होने के बाद उम्मीद थी कि अनुरोध के आधार पर आने वाले तबादला प्रस्तावों में कमी आएगी, लेकिन सूची जारी होने के बाद भी विभाग कई स्थानों पर अपने ही आदेशों का अनुपालन नहीं करा पाया।

आदेश के बाद भी कर्मचारियों को नहीं किया जा रहा रिलीव

पूर्व में हुए तबादलों को एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन कई मामलों में अब तक आदेशों का पालन नहीं हुआ है। वन विभाग में HRD की जिम्मेदारी देख रहे अधिकारी की ओर से भी इस संबंध में पत्राचार किया गया था, लेकिन इसका अपेक्षित असर नहीं हुआ। बताया गया कि सबसे ज्यादा समस्या रिजर्व पार्क क्षेत्रों से सामने आ रही है, जहां तबादला आदेश जारी होने के बावजूद कर्मचारियों को रिलीव नहीं किया जा रहा है।

प्रमुख वन संरक्षक हॉफ ने जारी किए निर्देश

इन परिस्थितियों को देखते हुए प्रमुख वन संरक्षक हॉफ कपिल लाल की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं। सभी डिविजन और रिजर्व पार्कों के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं, उनका निर्धारित समय सीमा के भीतर अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

CCF HRD पीके पात्रो के अनुसार, सभी तबादला आदेशों का 30 सितंबर तक अनुपालन किया जाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानांतरण आदेशों का पालन नहीं होने की स्थिति में संबंधित डिविजन के डीएफओ और रिजर्व पार्क के निदेशक जिम्मेदार होंगे।

तबादलों को लेकर कर्मचारियों में संशय

तबादला आदेशों के अनुपालन में देरी के चलते वन विभाग के कर्मचारियों में भी संशय की स्थिति बनी हुई है। विभाग के कुछ कर्मचारियों ने इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए कहा कि तबादला होने के बाद भी कई स्थानों पर कर्मचारियों को रिलीव नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि कुछ लोगों को रिलीव किया जा रहा है, जबकि कुछ को नई तैनाती पर जाने की अनुमति नहीं मिल रही है।

वन दरोगा संगठन के अध्यक्ष स्वरूप चंद्र रमोला ने कहा कि तबादलों के आदेश जारी होने के बावजूद कई जगह उनका पालन नहीं हुआ है, जिससे कर्मचारियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि विभाग को जल्द निर्णय लेकर जिन कर्मचारियों के तबादले जहां किए गए हैं, उन्हें वहां के लिए रिलीव करना चाहिए।

तबादला आदेशों के अनुपालन को लेकर विभागीय स्तर पर सख्ती के बाद अब 30 सितंबर की समय सीमा महत्वपूर्ण हो गई है। इस अवधि तक सभी तबादला आदेशों का अनुपालन कराने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों पर तय की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button