उत्तराखण्ड

नैनीताल में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव: 1 अगस्त से माल रोड पर हॉर्न बजाना प्रतिबंधित, नो पार्किंग जोन भी होगा लागू

नैनीताल: उत्तराखंड की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और पर्यटक-अनुकूल बनाने के लिए कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। सबसे बड़ा निर्णय यह रहा कि 1 अगस्त 2026 से नैनीताल की माल रोड पर वाहनों के हॉर्न बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक के क्षेत्र को नो पार्किंग जोन घोषित किया जाएगा।

 

माल रोड पर नहीं बजेंगे हॉर्न

 

कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि नैनीताल देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का प्रमुख पर्यटन स्थल है। माल रोड यहां की पहचान है, जहां पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण का आनंद लेने पहुंचते हैं। ऐसे में वाहनों के अनावश्यक हॉर्न से होने वाला ध्वनि प्रदूषण पर्यटकों के अनुभव को प्रभावित करता है। इसी को देखते हुए माल रोड को नो हॉर्न जोन बनाने का निर्णय लिया गया है।

 

नो पार्किंग जोन होगा लागू

 

बैठक में नैनी झील के आसपास यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक नो पार्किंग जोन लागू करने का फैसला लिया गया। पुलिस विभाग को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

बिना फिटनेस वाले वाहनों पर होगी कार्रवाई

 

कुमाऊं कमिश्नर ने परिवहन और पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि बिना फिटनेस प्रमाणपत्र वाले किसी भी सरकारी या निजी वाहन को सड़क पर संचालित न होने दिया जाए। ऐसे वाहनों को सीज करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निजी वाहनों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

 

रूसी बाईपास बनेगा आधुनिक पार्किंग हब

 

बैठक में रूसी बाईपास को अत्याधुनिक पार्किंग हब के रूप में विकसित करने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए जिलाधिकारी नैनीताल को निर्माण एजेंसी का चयन कर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रस्तावित पार्किंग में शौचालय, पेयजल, बिजली, दुकानों और सीसीटीवी जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

 

यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर

 

कमिश्नरी सभागार में आयोजित बैठक में आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत कई अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सुझाव दिए। कमिश्नर ने संबंधित विभागों को तय समय सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

बारिश से नैनीताल रोड पर लगा जाम

 

बुधवार को हुई तेज बारिश के चलते नैनीताल रोड पर लंबा जाम लग गया। बारिश से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने दोपहिया की बजाय चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल किया, जिससे तिकोनिया से मंगलपड़ाव तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई जगह जलभराव और फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार भी हुए।

 

यातायात निरीक्षक भूपेश पांडेय ने बताया कि बारिश के दौरान चारपहिया वाहनों की संख्या बढ़ने से ट्रैफिक दबाव अधिक रहा, जिसके कारण शहर के कई हिस्सों में जाम की स्थिति बनी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button