रामनगर में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू, 82 परिवारों के मकानों पर चला बुलडोजर

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर स्थित तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अपर कोसी क्षेत्र में शनिवार सुबह वन भूमि से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू हो गया। सुबह करीब 6:30 बजे भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। अभियान के तहत करीब 80 से 82 परिवारों के कच्चे और पक्के मकानों को हटाया जा रहा है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस के साथ फायर टीम और प्रशासनिक अधिकारी भी तैनात हैं।
यह कार्रवाई अतिक्रमण हटाओ अभियान के फेज-2 के तहत की जा रही है। प्रशासनिक कार्रवाई शुरू होने से पहले ही शुक्रवार देर रात कई परिवारों ने खुद अपने मकानों को तोड़ना शुरू कर दिया था। इस दौरान लोग घरों से ईंटें, दरवाजे और अन्य सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद शनिवार सुबह प्रशासन ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ध्वस्तीकरण शुरू कर दिया।
फेज-2 में 80 से 82 परिवारों पर कार्रवाई
इससे पहले वर्ष 2025 में इसी क्षेत्र में फेज-1 के तहत करीब 51 परिवारों को हटाया गया था। वहीं फेज-2 में 90 से अधिक परिवारों को अतिक्रमण मुक्त कराने की तैयारी थी। इनमें से करीब 9 से 10 परिवारों के मामले उच्च न्यायालय में विचाराधीन होने के चलते फिलहाल उन्हें कार्रवाई से अलग रखा गया है। ऐसे में शेष करीब 80 से 82 परिवारों के मकानों पर प्रशासन की कार्रवाई की जा रही है।
चार सुपर जोन, सात जोन और 14 सेक्टरों में बांटा क्षेत्र
अतिक्रमण हटाने के अभियान को लेकर वन विभाग और पुलिस प्रशासन ने पहले से ही व्यापक तैयारियां की थीं। सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे प्रभावित क्षेत्र को चार सुपर जोन, सात जोन और 14 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। पुलिस बल, वन विभाग की टीम और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती के बीच अभियान चलाया जा रहा है।
आशियाने उजड़ने की आशंका में परेशान परिवार
कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों में चिंता और मायूसी का माहौल देखने को मिला। कई महिलाएं और पुरुष अपने घरों को टूटता देखने की आशंका में रोते-बिलखते नजर आए। प्रभावित परिवारों का कहना था कि ठंड के मौसम में वे अपने बच्चों और परिवार को लेकर कहां जाएंगे। फिलहाल अपर कोसी क्षेत्र में प्रशासन की कार्रवाई जारी है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।




