उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में मॉनसून का कहर: देहरादून में पुल धंसा, मसूरी रोड बंद, 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट हुआ जारी

देहरादून: उत्तराखंड में मॉनसून ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई जिलों में आधी रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारी बारिश से सड़कें जलमग्न हो गई हैं, कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं और प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।

 

देहरादून में लगातार बारिश के चलते प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी क्षेत्र में हाल ही में निर्मित पुल का एक हिस्सा धंस गया, जिससे इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। पुल के क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, नवनिर्मित पुल के इस तरह क्षतिग्रस्त होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं।

 

दूसरी ओर, भूस्खलन के कारण मसूरी जाने वाला मुख्य मार्ग मलबा आने से बंद हो गया है। मालदेवता क्षेत्र में भी भारी बारिश से नुकसान की खबरें हैं, जबकि नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं और बंद मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

बिगड़ते मौसम और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने देहरादून जिले के सभी स्कूलों में तत्काल प्रभाव से अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

 

इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों के लिए प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंहनगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज गर्जना की संभावना जताई गई है। साथ ही कई इलाकों में फ्लैश फ्लड का भी खतरा व्यक्त किया गया है। राज्य के अन्य जिलों में भी भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

 

प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन व आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button