विदेश भेजने के नाम पर 75 लाख की ठगी, कार से उतारकर वाहन लेकर फरार हुए आरोपी

देहरादून। विदेश में पढ़ाई और नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक के पिता से 75 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति समेत चार लोगों ने विदेश भेजने का झांसा देकर पीड़ित से अक्टूबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच 75 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद आरोपितों ने पीड़ित और उसके दोस्त को राजपुर रोड पर कार से उतारा और कार लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक महिला समेत चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धर्मपुर निवासी अरविंद कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पड़ोस में किराये पर रहने वाले प्रदीप शर्मा ने जनवरी 2025 में खुद को यूपी पुलिस में कार्यरत बताया था। पड़ोसी होने के कारण दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इसी दौरान प्रदीप को पता चला कि अरविंद का बेटा अमन पाल आईलेट्स कर रहा है और विदेश में पढ़ाई और नौकरी करना चाहता है।
आरोप है कि प्रदीप ने अरविंद की मुलाकात अनिल भारद्वाज से कराई। अनिल ने खुद को सीबीआई कोर्ट में पेशकार बताया। इसके बाद प्रदीप और अनिल ने अरविंद की मुलाकात रवि कुमार और अनिल की पत्नी सुजाता से कराई। सुजाता ने भरोसा दिलाया कि वह अमन को विदेश में पढ़ाई और नौकरी के लिए भेजने की व्यवस्था करा देगी।
आरोपितों ने विदेश भेजने की पढ़ाई, नौकरी और दस्तावेजों समेत अन्य खर्चों के नाम पर करीब 75 लाख रुपये की जरूरत बताई। पीड़ित के अनुसार, उसने अक्टूबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच आरोपितों को कुल 75 लाख रुपये दे दिए। आरोपितों ने जनवरी 2026 में अमन को विदेश भेजने का भरोसा भी दिलाया।
इसके बाद आरोपितों ने पीड़ित और उसके बेटे को विदेश जाने के संबंध में बातचीत करने के लिए बुलाया। अरविंद अपने दोस्त संजय के साथ कार से प्रदीप के घर पहुंचे। आरोप है कि वहां से प्रदीप उन्हें राजपुर रोड की ओर लेकर गया। राजपुर रोड पर आरोपित ने पीड़ित और उसके साथी को कार से नीचे उतार दिया और कार लेकर फरार हो गया।
इसके बाद आरोपितों ने न तो अमन को विदेश भेजा और न ही 75 लाख रुपये वापस किए। पीड़ित ने पुलिस से मामले में कार्रवाई कर रकम वापस दिलाने की मांग की है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रदीप शर्मा, अनिल भारद्वाज, रवि कुमार और सुजाता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपितों से जुड़े दस्तावेज, लेनदेन और विदेश भेजने के नाम पर किए गए दावों की जांच कर रही है।




