उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट; तापमान में 3–5 डिग्री गिरावट के आसार

उत्तराखंड मौसम: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और मंगलवार से गर्मी से राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
उत्तरकाशी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, ओलावृष्टि और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। 4400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
अन्य पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि मैदानी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
तापमान में आएगी गिरावट
पिछले 24 घंटों में मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि पहाड़ी इलाकों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा। देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो सोमवार को घटकर 37.9 डिग्री सेल्सियस रह गया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेशभर के अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है। 28 अप्रैल को देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, हल्की बारिश, गरज और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तीन मई तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी तरह बदला-बदला रह सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।




