उत्तराखण्ड

एफसीआई गोदाम के भीतर मजार बनाकर कब्जा, नगर निगम ने की कार्रवाई

हल्द्वानी। हल्द्वानी में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शनिवार सुबह भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के गोदाम के भीतर बनी मजार को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, मजार का निर्माण नजूल भूमि पर किया गया था। इसे हटाने के लिए नगर निगम की ओर से करीब दो महीने पहले नोटिस भी चस्पा किया गया था, लेकिन निर्धारित समय में संरचना नहीं हटाई गई।

नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई ने बताया कि राजपुरा क्षेत्र में टनकपुर रोड स्थित एफसीआई कार्यालय के बगल में गोदाम के भीतर मजार बनी हुई थी। जानकारी जुटाने पर पता चला कि गोदाम के निर्माण के समय से ही यह मजार वहां स्थापित थी। हालांकि, लंबे समय से यहां किसी व्यक्ति की आवाजाही नहीं होने की बात भी सामने आई है।

नोटिस के बाद भी नहीं हटाई गई संरचना

नगर मजिस्ट्रेट के मुताबिक, नगर निगम ने करीब दो महीने पहले मौके पर नोटिस चस्पा कर नजूल भूमि पर बनी संरचना को हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद किसी ने इसे नहीं हटाया। इसके बाद शनिवार को नगर निगम और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

सालों तक सरकारी गोदाम के भीतर कैसे बनी रही मजार?

इस कार्रवाई के बाद एक अहम सवाल भी उठ रहा है कि जब एफसीआई के सरकारी गोदाम के भीतर वर्षों से मजार बनी हुई थी तो अब तक संबंधित विभागों और प्रशासन की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ी? अधिकारियों ने हालांकि स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button